
देवघर : कोरोना के कारण देवघर स्थित बाबा मंदिर पर आश्रित पुरोहित समाज और दुकानदारों ने अपनी आर्थिक परेशानी के कारण सांकेतिक रूप से धरना प्रदर्शन किया। कोरोनो काल के आरंभ से ही बाबा मंदिर बंद रहने से पुरोहित समाज और दुकानदारों के समक्ष विकट समस्या उत्पन्न हो गई है। पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रावणी मेला का आयोजन नहीं होने से इन लोगों को कई परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है। बाबा मंदिर खोलने और यात्रियों को दर्शन पूजा करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। (नीचे भी पढ़ें)

इसी को लेकर आज मंदिर के समीप पंडा धर्मरक्षिणी सभा के बैनर तले पुरोहित समाज और टावर चौक के समीप दुकानदार संघ द्वारा सांकेतिक रूप से धरना-प्रदर्शन किया गया। इनलोगों ने एक स्वर में बाबा मन्दिर को अविलंब खोलने की मांग सरकार से की है। (नीचे भी पढ़ें)
धरना में शामिल पंडा धर्मरक्षिणी सभा के महामंत्री कार्तिकनाथ ठाकुर ने अपने समाज से निवेदन किया है कि जन्माष्टमी के दिन जो भी जिला वासी बाबा मंदिर में पूजा करने आएंगे उन्हें पुरोहित समाज सहयोग करेगा। उन्होंने आग्रह किया है कि सोमवार, जन्माष्टमी के दिन प्रातःकाल की पूजा के बाद मंदिर को बंद नहीं किया जाये।






