
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के कीताडीह इलाके में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाया गया. तीन मंजिला मकान को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गयी. मंगलवार को अंचल कार्यालय की ओर से दो बुल्डोजर लेकर उक्त मकान को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गयी. इस मौके पर धालभूम के एसडीओ संदीप कुमार मीणा, सीओ अमित श्रीवास्तव, अंचल निरीक्षक हिम्मत लाल महतो, राजस्व कर्मचारी बलवंत सिंह समेत पुलिस बल मौजूद थे. इस दौरान परिवार के लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन इसको दरकिनार तक उक्त मकान को हटा दिया गया. एसडीओ के मुताबिक, मुन्ना सिंह नामक व्यक्ति द्वारा नाला का अतिक्रमण कर दुकान व मकान को बना लिया गया था. इसकी जांच की गयी तो जांच के बाद आरोप सही पाया गया, जिसके बाद अतिक्रमण हटाया गया. वैसे आपको बता दें कि बागबेड़ा के कीताडीह इलाके में सरकारी जमीन पर दुकान और मकानें बनी हुई है. लेकिन सिर्फ एक मकान को ही निशाना बनाया गया है, जिसको लेकर सवाल उठ रहा है. आसपास के लोगों ने बताया कि वहां जमशेदपुर पुलिस ऑफिस में कोई कर्मचारी काम करता है, जिसकी शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गयी. पुलिस विभाग के कर्मचारी के दबाव में यह कार्रवाई की गयी. जब अतिक्रमण की बात है तो सारे मकान अतिक्रमित है, उस पर क्यों नहीं कार्रवाई की गयी, यह सवाल लाजिमी है, जिसका जवाब प्रशासन को देना पड़ सकता है.





