
जमशेदपुर : पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत वरिष्ठ नागरिक संघ आदित्यपुर (सरायकेला-खरसावां जिले) द्वारा निवर्तमान थाना प्रभारी की विदाई और वर्तमान थाना प्रभारी का स्वागत कार्यक्रम बहुत उल्लासपूर्ण और शानदार ढंग से संपन्न हुआ. 50 वरिष्ठ नागरिकों की उपस्थिति में तथा रवीन्द्रनाथ चौबे की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ. कार्यक्रम का संचालन एसडी प्रसाद और धन्यवाद ज्ञापन रामचन्द्र पासवान ने किया. सबसे पहले निवर्तमान थाना प्रभारी राजेन्द्र प्रसाद को गुलदस्ता और शाल ओढ़ाकर कर विजय पांडेय और रणवीर सिंह ने सम्मानित किया. उसके बाद वर्तमान थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे को गुलदस्ता आरडी सिंह ने दिया और एसएस मिश्र और उमेश दुबे ने शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया. इसके बाद कानूनी पक्ष पर विजय नारायण पाण्डेय ने प्रकाश डाला जबकि पुलिस में आये बदलाव और कर्तव्य के बारे में पूर्व डीडीसी लालमोहन महतो ने प्रकाश डाला. निवर्तमान थाना प्रभारी राजेन्द्र प्रसाद महतो ने कहा कि हमारे कार्यकाल वरिष्ठ नागरिकों के लिए कुछ पहलकदमी की गई जिसे सब लोगों का आशीष मिल रहा है यह प्रसन्नता की बात है. वर्तमान थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने कहा कि इस क्षेत्र में जो महत्वपूर्ण शुरुआत हुई है, उसे बुलंदियों पर ले जायेंगे और सभी को आश्वस्त करता हूं कि क्षेत्र की जनता के सहयोग से नया कीर्तिमान स्थापित किया जाएगा. प्रमुख लोगों में केके झा, गोपाल प्रसाद, जवाहर सिंह, बीरेंद्र सिंह, सरयू पासवान, रामपूजन राही, पंडित बिन्देश्वर झा आदि दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनायें.



