सरायकेला : जमशेदपुर से सटे कपाली क्षेत्र के अंसार नगर में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर करीब ढाई लाख रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया. घटना के वक्त घर के मालिक नौशाद आलम अपनी पत्नी और बच्चों के साथ जहानाबाद में एक मरीज को देखने के लिए निकले थे. परिवार के घर से निकलने के कुछ ही देर बाद चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया. जानकारी के अनुसार, महताब आलम और उनके भाई नौशाद आलम अंसार नगर में अगल-बगल रहते हैं. नौशाद आलम कुछ दिन पहले ही कतर से घर लौटे थे. शुक्रवार की रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ जहानाबाद के लिए रवाना हुए थे. परिवार अभी रास्ते में ही था, तभी चोरों ने उनके घर में घुसकर चोरी कर ली. (नीचे भी पढ़ें)

सुबह बड़े भाई महताब आलम ने अपना दरवाजा खोला तो बाहर से कुंडी लगी हुई थी. इसके बाद वह पीछे के रास्ते से अपने भाई के घर पहुंचे. वहां मुख्य गेट का ताला गायब मिला. परिजनों के अनुसार, चोर ताला भी साथ लेते गए. घर के अंदर जाने पर अलमारी और लॉकर के ताले टूटे मिले. कमरे में सामान बिखरा पड़ा था, जबकि बेड पर जेवरात के खाली डिब्बे पड़े थे. इससे चोरी की घटना का पता चला. परिजनों के मुताबिक, चोर घर से करीब 50 हजार रुपये नगद, सोने के झुमके, नथिया, मंगटीका और चांदी की तीन पायल ले गए हैं. चोरी हुए सामानों की कुल कीमत करीब दो से ढाई लाख रुपये बताई जा रही है. घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.




