
जमशेदपुर : जमशेदपुर के पोटका प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत शंकरदा पंचायत स्थित पर्यटन स्थल पहाड़भांगा से होकर गुजरनेवाली गुर्रा नदी में डूबकर पश्चिम बंगाल के खड़गपुर के दो युवकों की मौत हो गई है. इनमें से एक युवक 19 वर्षीय दीप मुखर्जी का शव स्थानीय लोगों के सहयोग से पोटका थाना पुलिस ने बरामद कर लिया है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि दूसरे युवक 21 वर्षीय सूर्या मोइत्रा का अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है. बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से चार युवक दीप मुखर्जी, सूर्या मोइत्रा, ज्योतिमय चक्रवर्ती एवं मोती प्रधान दो बुलेट मोटरसाइकिल से पहाड़भांगा पर्यटनस्थल घूमने पहुंचे थे. इसी दौरान गुर्रा नदी में नहाने के क्रम में दीप मुखर्जी एवं सूर्या मोइत्रा डूब गए. हालांकि स्थानीय लोगों ने दोनों को बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे असफल रहे. आनन- फानन में इसकी जानकारी स्थानीय लोगों द्वारा पोटका थाना पुलिस को दी गई. जिसके बाद मौके पर पहुंचे पोटका थाना प्रभारी रवींद्र मुंडा ने भी दोनों युवकों को ढूंढने में काफी मशक्कत की लेकिन वे भी असफल रहे. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जा रहा है कि दीप मुखर्जी के मामा जमशेदपुर के कदमा में रहते हैं. सभी की योजना घूमने के बाद वहां जाने की थी, लेकिन इसी बीच यह घटना घटित हो गई. गौरतलब है कि पहाड़भांगा स्थित गुर्रा नदी में इससे पूर्व भी नहाने के क्रम में कई सैलानियों की मौत हो चुकी है, बावजूद इसके यहां पहुंचने वाले पर्यटक इस नदी में नहाने उतर जाते हैं और और समय काल- कवलित हो जाते हैं. फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में दहशत व्याप्त है वही मृतकों के परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है.



