
जमशेदपुर : भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से 620वां नेत्र शिविर रेड क्रॉस सोसाइटी, जमशेदपुर के चेयरमैन गोविन्द दोदराजका के माता-पिता स्व. नर्मदा देवी- सत्यनारायण दोदराजका की पुण्य स्मृति में 30 अक्टूबर से 1 नवम्बर तक आयोजित किया जायेगा। 30 अक्टूबर शनिवार को नेत्र रोगियों के आंखों की जांच की जायेगी तथा मोतियाबिन्द ग्रस्त नेत्र रोगियों का चयन ऑपरेशन के लिए किया जायेगा, 31 अक्टूबर को मोतियाबिन्द ग्रस्त नेत्र रोगियों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण नेत्र चिकित्सक डॉ. बी.
पी. सिंह, डॉ. पूनम सिंह, डॉ. भारती शर्मा, डॉ. विवेक केडिया एवं सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा किया जायेगा। रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने उपरोक्त जानकारी देते हुए सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय लोगों से आग्रह किया है कि वे जरूरतमंद नेत्र रोगियों को शिविर तक पहुंचने में मदद करें ताकि ऐसे नेत्र रोगियों का आंखों का इलाज हो सके। (नीचे भी पढ़ें)

रेड क्रॉस सोसाईटी की प्रेरणा से एसडीपी डोनेशन
रक्त के विभिन्न जरूरतों के मामले में रेड क्रॉस सोसाइटी की रक्त जागरुकता जीवनरेखा का कार्य कर रही है। प्लाज्मा डोनेशन के माध्यम से जहां इस शहर के 500 से अधिक लोगों ने प्लाज्मा का दान किया, वहीं एसडीपी (सिंगल डोनर प्लेटलेट) का दान कर लोग प्लेटलेट की समस्या से जूझ रहे लोगों की जीवन को बचा रहे हैं, इसी कड़ी में रेड क्रॉस सोसाईटी के एसडीपी डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह के आग्रह पर टाटा मोटर्स के कर्मचारी प्रमोद कुमार ने आज अपना पहला एसडीपी डोनेशन किया, वे पूर्व में 9 बार रक्तदान कर चुके हैँ। (नीचे भी पढ़ें)
164वें सेफ्टी फर्स्ट एड की क्लास 5 नवम्बर से
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा प्रत्येक माह आयोजित होने वाले सेफ्टी फर्स्ट एड डिजास्टर मैनेजमेंट प्रशिक्षण का 164वां बैच 5 नवम्बर से 10 नवम्बर तक आयोजित किया जायेगा। विशेषज्ञ प्रशिक्षक द्वारा फर्स्ट एड, सेफ्टी एवं डिजास्टर मैनेजमेंट के साथ साथ कोरोना जैसी महामारी से बचाव के तरीकों का भी प्रशिक्षण रेड क्रॉस भवन, साकची में दिया जायेगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक कोई भी प्रतिभागी 2 नवम्बर तक रेड क्रॉस के बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में सम्पर्क कर सकते हैं।





