
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना में समाजसेवी चंदन यादव और उनकी पत्नी पर बिष्टुपुर ओल्ड सीएच एरिया निवासी निशांत चावला द्वारा रंगदारी मांगने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. इस मामले को लेकर सोमवार को चंदन यादव ने एक प्रेस वार्ता बुलाई. चंदन यादव ने कहा कि वे रामानंद बाबा के बकाया रुपए को वापस दिलाने सुरेंद्र सिंह के घर गए थे. उन्हे अखबार के माध्यम से जानकारी मिली की उनके ऊपर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि सरायकेला खरसावां जिले के पूड़ीसिली में रामानंद बाबा की 12 बीघा जमीन है. सुरेंद्र सिंह ने उनकी जमीन पांच साल पहले 91 लाख में खरीदी थी. उस वक्त बाबा को 34 लाख रुपए ही दिए गए थे, बाकी रुपए बाद में देने की बात कही गई थी. धीरे-धीरे कर बाबा को रुपए के लिए दौड़ाया गया पर रुपए नही दिए गए. अंत में बाबा ने उसने मदद मांगी तब जाकर उन्होंने बाबा की मदद की ठानी. उन्होंने बताया कि सुरेंद्र सिंह के साथ बलवंत सिंह और मुनका के अलावा एक आईएएस अधिकारी की पत्नी भी शामिल है. सभी अपनी मिली भगत से बाबा का पैसा हड़पने में लगे है पर वे ऐसा नहीं होने देंगे. वे बाबा के साथ है. वे सभी के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराएंगे. बता दे कि सुरेंद्र सिंह के बेटे निशांत चावला ने चंदन यादव और उनकी पत्नी पर तीन लाख रुपए रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए बिष्टुपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी.



