
जमशेदपुर : पद्मभूषण और पद्म विभूषण से सम्मानित रतन टाटा के 84वें जन्मदिन के अवसर पर समाजसेवी व सामाजिक संस्था वॉइस ऑफ ह्यूमैनिटी के संस्थापक व टाटा स्टील में कार्यरत हरि सिंह राजपूत द्वारा रतन मानव सेवा सम्मान की शुरुआत की गयी है. इस अवसर पर संस्था की ओर से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के माध्यम से रतन टाटा के जन्मदिन को अनोखे तरीके से मनाया गया. इसकी शुरुआत समाज में अपने उत्कृष्ट योगदान से मानव सेवा में समर्पित जुगसलाई के 24 वर्षीय सुखविंदर सिंह को उनके आवास जाकर उनके परिजनों के साथ शॉल और मोमेन्टो देकर सम्मानित किया गया. सुखविंदर सिंह पिछले कई सालों से समाज के जरुरतमन्दों के लिए तत्कालीन रक्त मुहैया कराने का कार्य कर एक मिशाल पेश कर रहे हैं, अब तक 700 से ज्यादा लोगो को उन्होंने रक्त मुहैया उस वक्त करवाया है जब मरीज के परिजन रक्त के लिए परेशान रहते हैं. अब तक उन्होंने खुद 27 बार रक्त और 11 बार प्लाज्मा दान किया है और लगातार मानव सेवा कार्य मे अपना उत्कृष्ट योगदान दे रहे है. (नीचे भी पढ़ें)
ज्ञात हो कि टाटा स्टील के इलेक्ट्रिकल इंजीनियर व सामाजिक संस्था वॉइस ऑफ ह्यूमैनिटी के संस्थापक रतन टाटा को अपना आदर्श मानते हुए बीते 4 वर्षों से लगातार रतन टाटा के जन्मदिन को शहर में अनोखे तरीके से मनाते हैं. उनका मानना है कि शहर में फिल्मी सितारे के जन्मदिन मनाये जाते हैं, मगर वास्तव में देश के असली हीरो को हमलोग उनके जन्मदिन पर भूल जाते हैं. इसी उद्देश्य से इस साल भी रतन टाटा के जन्मदिन पर ऐसे आयोजन किये गए, जिसे आगे भी निरन्तर किया जाएगा. बीते साल भी स्लम में रहने वाले बच्चों के बीच खुशियां मनाकर उन्हें शिक्षित बनाने के उद्देश्य से कई अनाथ बच्चियों को अपने पैसो से उनकी पढाई का खर्च उठाने का बीड़ा उठाया था और हर साल इसी तरह कुछ अनोखा करने का प्रयास कर रतन टाटा के जन्मदिन को यादगार बनाते हैं.





