
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र में एक बार फिर से नक्सलियों ने तांडव किया है. झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार के दो साल पूरे होने पर सरकार को ही नक्सलियों ने चुनौती दी है, अपनी सलामी दी है. दोपहर तीन बजे दिनदहाड़े नक्सलियों ने गोइलकेरा के कुइड़ा पंचायत के पालुहासा के युवक 23 वर्षीय बोयराम लुगुन की गोली मारकर हत्या कर दी है. नक्सलियों ने वहां पोस्टर भी छोड़ा है और लिखा है कि वह पुलिस का मुखबिर है, जिस कारण उसको मारा गया है. उसको यह सजा दी यी है. सड़क पर पोस्टर छोड़कर सारे नक्सली वहां से निकल गये. इस घटना के अलावा घटनास्थल से कुछ दूरी पर ही वन विभाग के कार्यों के लिए लगायी गयी जेसीबी मशीन को भी नक्सलियों ने आग के हवाले कर दिया. (नीचे देखे पूरी खबर)

वैसे इससे पहले नक्सलियों ने एक सप्ताह के भीतर ही इस तरह की घटना को अंजाम दिया था. इस तरह लोगों में काफी भय का माहौल है. इसको लेकर भय का माहौल होने से सारे लोग वहां से पलायन कर रहे है. हालात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पुलिस घटना के पांच घंटे बाद तक नहीं पहुंच पायी है. दिनदहाड़े अपराधियों ने इस घटना को अंजाम देकर सीधे तौर पर सरकार और पुलिस को चुनौती दी है.






