
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक शव को मृतक के परिजन बिना कागजात बनाए अपने साथ ले जाने लगे. उस दौरान जब मौके पर मौजूद डॉक्टरों ने परिजनों को रोकने का प्रयास किया तो परिजन डॉक्टरों से ही उलझ गए और उनके साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट करने का प्रयास किया. लगभग 15 मिनट तक अस्पताल परिसर में हंगामा करने के बाद परिजन शव को बिना कागजात बनाए अपने साथ ले गए. दरअसल मानगो के बगानसाही रोड नंबर 7 निवासी 20 वर्षीय जसीम खान को तबीयत बिगड़ने के बाद मानगो के ही गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल में तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उसे एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. एमजीएम अस्पताल लाने के क्रम में ही उसकी मौत हो गई. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक के परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू किया और शव को अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगे. डॉक्टरों ने उन्हें समझाया कि अस्पताल लाने से पहले हुई मौत के मामले में बिना पुलिस केस के परिजन शव नहीं ले जा सकते, पर परिजन मानने को तैयार नहीं थे. अंत में परिजन शव को बिना कागजात बनाए ही ले गए.






