
जमशेदपुर : जमशेदपुर के न्यायालय परिसर स्थित हाजत से भागने वाले कैदियों में कदमा निवासी अमन लाल और सोनू यादव शामिल है. दोनो कदमा थाना क्षेत्र से 27 दिसंबर को बाइक लूट के प्रयास मामले में जेल भेजे गए थे. इधर घटना के बाद एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन और डीएसपी सीसीआर अनिमेष गुप्ता मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की. इधर कोर्ट परिसर के पीछे एक युवक ने दोनों को दीवार से कूदते देखा और इसके जानकारी पुलिस को दी. हालांकि जब तक पुलिस को यह खबर मिली तब तक दोनो कैदी भाग चुके थे. जांच में यह बात सामने आई है कि हाजत में लगे वेंटीलेटर के रॉड को तोड़कर दोनों बाहर निकले और नाली के रास्ते कोर्ट के रेसिडेंशियल से होकर दीवार फांदकर भाग गए. (नीचे पढ़ें पूरी खबर व देखें वीडियो)
जानकारी देते हुए एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने बताया कि दो कैदियों के फरार होने की सूचना है. हाजत में चार कैदी थे. जब दोनो कैदी फरार हो रहे थे तभी हाजत में मौजूद अन्य दो कैदियों ने इसकी जानकारी नहीं दी. दोनो के फरार हो जाने के बाद दोनो ने चिल्लाकर इसकी सूचना दी. जब तक पुलिसकर्मी पहुंचे तब तक दोनों फरार हो चुके थे. एसएसपी ने कहा कि इस घटना की जांच का जिम्मा डीएसपी सीसीआर को सौंपा गया है. जांच के बाद रिपोर्ट आने पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.












