
रांची : झारखंड सरकार 26 जनवरी से लोगों को पेट्रोल पर सब्सिडी देने जा रही है, जिसको लेकर काम चल रहा है. 26 जनवरी से इसको हर हाल में लागू करने के लिए पूरा तंत्र काम कर रहा है. सरकार ने अब तक जो फैसला लिया है, उसके तहत इसका लाभ गुलाबी यानी पीएयचएच राशन कार्डधारियों को मिलेगा. उसके अलावा हरा राशन कार्ड वालों को भी यह सब्सिडी मिला करेगी. सब्सिडी के रुप में ऐसे कार्डधारियों को एकमुश्त डीबीटी के माध्यम से 250 रुपये उपलब्ध करा दिया जाना है यानी माह में दस लीटर तेल और एक लीटर तेल पर 25 रुपये के हिसाब से यह लाभ दिया जायेगा. यह राशि सीधे बैंक एकाउंट में भेजा जायेगा. मोबाइल के एप के जरिये लोग इसके लिए अपना नाम इंट्री करा सकेंगे. इसका लाभ एनएफएसए और आइएसएफएसएस का राशनकार्ड धारी होना जरूरी है. राशन कार्ड में परिवार के सभी सदस्यों का प्रमाणित आधार संख्या अंकित होना ही चाहिए. इसके अलावा मोबाइल नंबर, बैंक खाता संख्या सारा कुछ आधार से लिंक होना चाहिए जबकि आवेदक के वाहन का निबंधन आवेदक के नाम से झारखंड में ही होना चाहिए. आवेदक को एप में राशन कार्ड और आधार संख्या डालना होगा, जिसके बाद आधार में दिये गये मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जायेगा, ओपीटी वेरिफिकेशन के बाद आवेदक राशन कार्ड में अपना नाम का चुनाव करते हुए गाड़ी का नंबर और ड्राइविंग लाइसेंस डालना होगा. वाहन संख्या जिला परिवहन पदाधिकारी के लागिंग में जायेगा, जिसको जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) द्वारा वेरिफाइ किया जायेगा. वेरिफाइ होने के बाद इसकी सूची जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) के लागिंग में चला जायेगा, जहां से सब्सिडी देने को क्लियरेंस मिल जायेगा.




