
बहरागोड़ा : 30 जनवरी को बहरागोड़ा प्रखंड के मानुषमुड़िया गांव में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित होगा. भारत सरकार का उपक्रम और रेलवे की सहायक कम्पनी राइट्स लिमिटेड के सहयोग से सिटिजन्स फाउंडेशन द्वारा आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में अनुभवी और विशेषज्ञ डॉक्टरों के द्वारा मरीजों का इलाज और चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा. यह जानकारी भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने दी है। मानुषमुड़िया गांव स्थित विवेकानंद सरस्वती शिशु विद्या मंदिर प्रांगण में ग्रामीण और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए डॉक्टरों के द्वारा मरीजों का नि:शुल्क इलाज होगा. कोरोना काल में विभिन्न बीमारियों के इलाज कराने में मरीजों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है. ग्रामीण अंचल में तो डॉक्टरों की उपलब्धता की भी काफी कमी है. डॉ गोस्वामी ने कहा कि असाध्य रोगों के मरीजों को आयुष्मान भारत योजना के तहत बड़े अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था की जाएगी. इस स्वास्थ्य शिविर में 50 गांवों के गरीब तबके के मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श मिलेगा. बैठक को बहरागोड़ा मंडल अध्यक्ष राजकुमार कर, बड़सोल मंडल अध्यक्ष आशीष महापात्रा, प्रमुख समाजसेवी जयदेव दास, प्रवीर भोल, कमलकांत सिंह, हाबल गिरि, गौर दे, नंदलाल पातर, पिन्टू चंद और राजा भोल ने भी संबोधित किया. बैठक में रवि शंकर महापात्र, डुडुल कुंडू, अशोक बारीक, रिंकू दास, अंपा हेंब्रम, सुदीप भोल, राजा राम पातर, सदानंद पान, आशुतोष पात्र, जयंत राणा, रोहिन बास्के, प्रबीर जेना, भोलानाथ साधु, सव्यसाची दास समेत अन्य उपस्थित थे.



