जमशेदपुर : जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र के पुडियासा गांव के पास बुधवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार नरसिंह सोरेन (30) की मौत हो गयी. वह बाइक से करनडीह से अपने गांव तमूरी जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में मोड़ पर बाइक अनियंत्रित हो गयी और दीवार से टकरा गयी. हादसे में नरसिंह गंभीर रूप से घायल हो गये. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर गयी, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही नरसिंह के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे. (नीचे भी पढ़ें)
उनकी मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। नरसिंह टाटा पावर में ठेकेदार के अधीन काम करते थे. उनकी शादी करीब तीन साल पहले हुई थी और उनका एक छोटा बच्चा भी है. इस हादसे से परिवार ने अपना कमाने वाला सदस्य खो दिया. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों को सौंप दिया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा बाइक के अनियंत्रित होकर दीवार से टकराने के कारण हुआ.





