
रांची : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी सोमवार को तमाड़ स्थित दिवड़ी मंदिर पहुंचे और माता से आशीर्वाद लिया. मंदिर के मुख्य पुजारी मनोज पंडा द्वारा लगभग 20 मिनट तक पूरे विधि-विधान से पूजा संपन्न कराया गया. हालांकि मंदिर से निकलकर नारियल फोड़ने के समय भीड़ की वजह से महेंद्र सिंह धोनी गिरते- गिरते बचे. उन्हें डीएसपी और थानेदार ने पकड़ कर संभाल लिया. धोनी अपनी ऑडी कार खुद ड्राइव करते हुए अपने दोस्त चिंटू के साथ मंदिर पहुंचे थे. इधर माही के आने की खबर पाते ही उनके चाहने वाले काफी उत्साहित थे. लोगों के बीच उनके साथ सेल्फी लेने की होड़ मची रही. हालांकि धोनी ने भी अपने फैंस को निराश नहीं किया और हाथ हिला कर सभी का अभिवादन किया और सेल्फी भी लिया. (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान सुरक्षा को देखते हुए बुंडू डीएसपी खुद उनके साथ मौजूद रहे और मंदिर परिसर में सीआरपीएफ और जिला पुलिस के जवानों को तैनात किया गया था. गौरतलब है कि यह मंदिर अब झारखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश के धार्मिक आस्था का केंद्र बना हुआ है. वैसे तो स्थानीय स्तर पर लोगों की आस्था काफी पुरानी है, लेकिन इस मंदिर का क्रेज तब बढ़ा जब यहां भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने सेलेक्शन के बाद से जब आने लगे, इसके बाद से लोगों का आना जाना शुरू हो गया. इस मंदिर में भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल होने के पहले और शामिल होने के बाद भी उनका आना जाना मंदिर में लगा रहा और उनके दिल में मां दिवड़ी के प्रति गहरी आस्था है. जब वें वर्ल्ड कप जीते, तब उन्होंने मां दिवड़ी की आराधना की थी, जिससे महेंद्र सिंह धोनी खुद बताते है कि उनको यहां आने से शक्ति मिलती है.





