
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी नया लाईन में बुधवार को श्री-श्री शिव महापुराण साप्ताहिक कथा एवं सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण, पूजन एवं महारुद्राभिषेक धार्मिक कार्यक्रम धूमधाम से संपन्न हुआ. शिव चर्चा महिला मण्डल द्वारा इस धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. पिछले 17 फरवरी गुरूवार से 23 फरवरी बुधवार तक रोजाना सुबह 7 बजे से रुद्राभिषेक तथा दोपहर 3 से 6 बजे तक छत्तीसगढ़ से आये कथा वाचक परम पूज्य तेजेश्वरानंद महाराज ने शिव महापुराण प्रवचनों से भक्तों को निहाल किया. 20 फरवरी रविवार को भगवान शिव-पार्वती विवाह का प्रसंग सुन श्रद्धालु आनंदित हुए. इस दौरान कथा पांडाल में उपस्थित भक्तजन शिव पार्वती विवाह का प्रसंग सुन झूम उठे थे. कथा वाचक तेजेश्वरानंद महाराज ने कहा कि शिव पूजा से सभी संकट, अनिष्ट दूर होकर ये जीवन में सुख-शांति, वैभव, सौभाग्य साथ ही मानव धर्म के चार फलों, अर्थ, धर्म, काम, मोक्ष आदि की प्राप्ति होती है. उन्होंने कहा कि भगवान शंकर के लिए भी गणपति महाराज प्रथम पूज्यनीय थे. (नीचे देखे पूरी खबर)

भगवान ने स्वयं यह वरदान उन्हें दिया था तथा वे एक बार इस बात की अवहेलना कर विपत्ति का शिकार हुए. तब सर्वप्रथम भगवान शिव ने कैलाश पर्वत पर बड़ी धूमधाम से गणपति पूजन उत्सव किया और तत्पश्चात त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध कर विजय प्राप्त की. भगवान शिव ने कहा कि जो भी कोई भी कार्य करने से पूर्व गणपति महाराज का पूजन करेगा, उसे यश, वैभव, कीर्ति, धन-धान्य की कोई कमी नहीं रहेगी. सात दिवसीय कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था की अध्यक्ष हेमा साहू, रामसागर साहू, लक्ष्मी साहू, महावीर अग्रवाल, कलि, कुन्ती, ईश्वरी, लक्ष्मी, बिशाखा, वंदना, निर्मला, गीता, सावित्री, कविता अग्रवाल, विमला, छाया, राखी, जशोदा, पुर्णिमा, तिलेश आदि का योगदान रहा.







