जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई के कपड़ा व्यापारी संदीप सिंह भाटिया की पत्नी जतिंदर कौर भाटिया से टाटानगर आने के दौरान शालीमार एक्सप्रेस में बैग की छिनतई कर ली गयी है. बैग में करीब 13 लाख रुपये की कीमत के गहने, नगद समेत अन्य सामान थे. इसको लेकर टाटानगर रेल थाना में एक एफआइआर दर्ज की गयी है. इसमें कहा गया है कि उनके बैग में 80 ग्राम का सोने का दो सेट, 105 ग्राम का सोने का दो चेन, दो ब्रेसलेट, 6 अंगूठी, लाकेट, 20 हजार रुपये नगद, पैन कार्ड, आधार कार्ड समेत अन्य सामान थे, जिसको अपराधी ने छिन लिया. बताया गया है कि वे लोग शालीमार एक्सप्रेस ट्रेन से गोंदिया से टाटानगर लौट रहे थे. इसी बीच रात ढाई बजे ट्रेन राबर्डसन स्टेशन में पहुंची. वह ट्रेन के बोगी में ही थी कि एक व्यक्ति हरे रंग का स्वेटर पहने हुआ ट्रेन में घुसा और उनका बैग छिनकर भाग निकला. वह महिला सोयी हुई थी. बैग छिनते हुए उसने देखा तो वह चिल्लाई, लेकिन रात होने का लाभ उठाकर वह वहां से भाग निकला. इसके बाद वह टाटानगर रेलवे स्टेशन आयी और इसकी शिकायत दर्ज करायी. इस मामले को रायगढ़ जीआरपी थाना ट्रांस्फर कर दिया गया है.






