जमशेदपुर : पीस पार्टी ने गुरुवार को पार्टी के जिलाध्यक्ष फखरुद्दीन अंसारी के नेतृत्व में मानगो नगर निगम के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद एक ज्ञापन मानगो नगर निगम कार्यालय में सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई है कि जवाहर नगर में सड़कों और नालियों का निर्माण किया जाए। पीस पार्टी के फखरुद्दीन अंसारी ने बताया कि जवाहर नगर रोड नंबर 13 में हनफिया स्कूल के पास सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। सड़क जर्जर है। इसी तरह इस इलाके में 5 सड़कें खराब हैं। इनका निर्माण किया जाना है। हनफिया स्कूल के पास नाला निर्माण नहीं होने से जलजमाव रहता है। (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
उन्होंने बताया कि जवाहरनगर में रोड नंबर 8 में सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। यहां पेवर्स ब्लॉक बिछाने और कल्वर्ट निर्माण की मांग की गई है। जवाहरनगर रोड नंबर 6 में 3 सड़क बनाने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का यह इलाका है। वह जमशेदपुर पश्चिम के विधायक हैं। वह बोलते हैं कि खूब काम हुआ है। लेकिन कोई भी जवाहरनगर घूम कर देख सकता है कि कितना विकास हुआ है। सड़कें जर्जर पड़ी हुई हैं। जवाहरनगर रोड नंबर 6 में 2 चर्च और एक कॉलेज पड़ता है। यह सड़क भी जर्जर है। फखरुद्दीन ने चेतावनी दी कि अगर 5 दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो मानगो नगर निगम के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर तालाबंदी की जाएगी।




