सरायकेला : गुरुवार को सरायकेला-खरसावां जिला के राजनगर से झारखंड मुक्ति मोर्चा के लिए बुरी खबर सामने आई. जहां मंत्री चंपई सोरेन के खासमखास राजनगर विधायक प्रतिनिधि सह प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष धर्मा मुर्मू की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है. उसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गयी. देखते ही देखते पूरा राजनगर झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं से पट गया. आक्रोशित लोगों ने मुआवजा, आश्रित को नौकरी और हाइवा चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने का घेराव कर दिया. घटना के बाद मायूस दुकानदारों ने स्वतः ही राजनगर बाजार को बंद कर दिया. वहीं परिजनों को सूचित किये बगैर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने और मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीण व झामुमो कार्यकर्ताओं ने थाना का घेराव कर दिया. इसके मद्देनजर शव को बीच रास्ते से ही लौटाना पड़ा, वहीं थाने में त्रिपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें विभिन्न बिंदुओं पर सहमति बनने के बाद सभी शांत हुए. इस तरह घटना के विरोध में किया गया सड़क जाम भी करीह साढ़े नौ घंटे बाद हटाया गया. तब मार्ग पर यातायात व्यवस्था सामान्य हुई. वहीं शव को भी पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. (नीचे भी पढ़ें)
सुबह मामले की सूचना मिलते ही सरायकेला एसडीओ, राजनगर बीडीओ, सीओ, मंत्री चम्पई सोरेन के पुत्र, प्रखंड प्रमुख, राजनगर एवं सरायकेला थान प्रभारियों ने मोर्चा संभालते हुए आक्रोशित भीड़ को पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए त्रिपक्षीय वार्ता पर राजी किया. किरीब चार घंटे तक चली वार्ता के बाद मृत प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष की विधवा को पेंशन, बच्चों के पढ़ाई का पूरा खर्च, सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा, वाहन के इंश्योरेंस का पैसा दिलाने पर सहमति बनी, जिसके बाद लोगों का आक्रोश शांत हुआ और परिजन शव लेने पर राजी हुए. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है. सभी ने मृतक झामुमो नेता के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की. धर्मा मुर्मू मंत्री चंपई सोरेन के बेहद करीबी थे. वे राजनगर प्रखंड के विधायक प्रतिनिधि सह बीस सूत्री अध्यक्ष थे. गुरुवार की सुबह राजनगर ब्लॉक चौक में सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो गई. धर्मा मुर्मू बाइक से राजनगर से अपने घर की ओर आ रहे थे. तभी टाटा से चाईबासा की ओर जा रही हाइवा की चपेट में आ गए जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. विधायक प्रतिनिधि धर्मा की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ उठी.



