सरायकेला : रविवार को खरसावां-सीनी मुख्य मार्ग पर रामगढ़ पुलिया के समीप मेला देख कर लौट रहे एक बुजुर्ग की अज्ञात बाइक की चपेट में आकर मौत हो गई. बुजुर्ग की पहचान खरसावां थाना क्षेत्र के तलसाही निवासी 60 वर्षीय अतुल विषेई के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वे रविवार को दोपहर बाद खरसावां के रामगढ़ में मेला देखने पैदल गए थे. शाम को लगभग 6.30 बजे मेला देख कर पैदल घर लौट रहे थे. जैसे ही खरसावां-सीनी मुख्य मार्ग के रामगढ़ पुलिया के समीप पहुंचे, खरसावां की ओर से रामगढ़ की तरफ जा रही एक अज्ञात बाइक ने टक्कर मार दी. उसके बाद बाइक सवार वाहन लेकर फरार हो गया. स्थानीय लोगों के प्रयास से गंभीर रूप से जख्मी अतुल विषेई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरसावां पहुंचाया गया. लेकिन अस्पताल में कोई चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी नहीं रहने के कारण बुजुर्ग का इलाज नहीं हो सका. स्थिति बिगड़ते देखकर ग्रामीणों और बुजुर्ग के परिजनों ने खरसावां के निजी नर्सिंग होम ले गए. जहां निजी नर्सिंग होम के चिकित्सकों ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
अगर समय पर बुजुर्ग का इलाज होता तो शायद वह जीवित होता. खरसावां सीएचसी में चिकित्सक के नहीं रहने एवं बुजुर्ग का सही समय पर इलाज नहीं होने से स्थानी ग्रामीण आक्रोशित हैं. ग्रामीणों ने अस्पताल प्रबंधन पर कार्रवाई की है. बताया जा रहा है कि आए दिन चिकित्सक अस्पताल से गायब रहते हैं. रात को कोई भी चिकित्सक अस्पताल में नहीं रहता है. घटना की सूचना पाकर खरसावां पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और मृतक के शव का पंचनामा करने में जुट गई है. मृतक के सर में गंभीर चोट है. साथ ही पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है. इस घटना से क्षेत्र में मातम छाया हुआ है. वही लोग आक्रोशित हैं.











