बहरागोड़ा : पूर्व मुख्यमंत्री सह झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ दिनेश षाड़ंगी से मुलाकात की जबकि घाटशिला में डॉ सुनीता के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी मंगलवार को कोलकाता से सड़क मार्ग से रांची लौटने के क्रम में बहरागोड़ा में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ दिनेश षाड़ंगी से मिलने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने डॉ षाड़ंगी के छोटे भाई द्विजेन षाड़ंगी के निधन पर शोक संवेदना प्रकट की. मौके पर तपन कुमार ओझा, मिंटू साव, सुदीप पट्टनायक, हुकुम महतो, मृत्युंजय साव व अन्य पार्टी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)

इसी क्रम में श्री मरांडी ने घाटशिला पहुंच कर भाजपा नेत्री डॉ सुनीता देवदूत सोरेन से भी मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने डॉ सुनीता से क्षेत्र की राजनीति एवं संगठन के बारे में जानकारी ली. घाटशिला के काशिदा में भाजपाइयों ने डॉ सुनीता के नेतृत्व में श्री मरांडी का गर्मजोशी से स्वागत किया. श्री मरांडी वहां से डॉ सुनीता के आवास पहुंचे जहां भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र में राजनीतिक और भाजपा संगठन के बारे में विस्तार से जानकारी ली. श्री मरांडी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए क्षेत्र में संगठन का विस्तार करने एवं केन्द्र सरकार की जनहित वाली योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित भी किया. श्री मरांडी इसके बाद पुनः अपने वाहन से रांची के लिए रवाना हो गये.





