जमशेदपुर : जमशेदपुर समेत पूरे झारखंड में लगातार चार दिनों से ठंड और कोहरे से कंपकपी महसूस की जा रही है. वहीं मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि जमशेदपुर में बीती रात दो किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली. वहीं गुरुवार की सुबह 10 बजे तक सबसे अधिक हवा की गति रिकॉर्ड की गयी. सुबह 10 बजे तक 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है. वहीं तापमान की बात की जाए तो सुबह के 11.30 बजे तक न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा है. वहीं सुबह के 8 बजे न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मौसम विशेषज्ञ का कहना है कि इस सर्द हवा से खासकर बुजुर्गों और बच्चों को बच कर रहने की आवश्यकता है. (नीचे भी पढ़ें)
जानें अगले पांच दिनों का मौसम पूर्वानुमान-
झारखंड में आने वाले पांच दिनों में यानी गुरुवार से सोमवार तक मौसम शुष्क रहेगा और न्यूनतम तापमान में चार-पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. सबसे पहले पलामू के उत्तरी हिस्सों में गिरावट होगी. उसके पश्चात रांची और आस-पास के क्षेत्रों में गिरावट आएगी. झारखंड और कोल्हान में सुबह कोहरे की स्थिति जारी रहेगी. कोहरे की स्थिति 15 जनवरी तक जारी रहेगी. दिन के 10 बजे तक कोहरे छाये रहेंगे.
उत्तर-पश्चिमी इलाकों में बूंदाबांदी के आसार-
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी इलाकों में हल्की बूंदा-बांदी के आसार है. वहीं शेष हिस्सों में केवल कोहरे छाए रहेगे.
इन जिलों में शीतलहरी की आशंका-
मौसम विभाग ने गुरुवार को पलामू में शीतलहरी की आशंका जारी की है. इस दौरान लोगों को शीतलहरी से सचेत रहने की आवश्यकता है.



