जमशेदपुर : यहां साकची बाजार स्थित बरतन दुकान से रुपयों से भरा बॉक्स चोरी करनेवाली महिला को पुलिस ने एक दिन के अंदर धर दबोचा है. पुलिस ने महिला के पास से दुकान से चुराये 1.28 लाख रुपये नगद के साथ ही कई जेवर एवं पांच मोबाइल फोन भी बरामद किये हैं. पुलिस अभी महिला से पूछताछ कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि शनिवार को साकची लोहा लाइन स्थित विजय गिरधरलाल की बरतन दुकान में कड़ाही खरीदने के बहाने पहुंची एक महिला वहां से रुपयों से भरा एक बॉक्स चोरी कर फरार हो गयी थी. महिला की सारी हरकतें दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी. दुकानदार ने साकची थाना में इस संबंध में अज्ञात महिला के खिलाफ चोरी की शिकायत दर्ज कराते हुए महिला की विडियो फुटेज भी पुलिस के हवाले की थी. साकची पुलिस की टीम ने अन्य थानों की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए रेखा कुमारी नामक एक 42 वर्षीया महिला को भुइयांडीह आदर्शनगर स्थित उसके आवास से पकड़ा. महिला के पास से पुलिस ने बरतन दुकान से चोरी किये गये 1 लाख 28 हजार रुपये के साथ ही तीन जोड़ा चांदी के पायल, चांदी का एक सिक्का, सोने का झुमका, लॉकेट, कंगन, अंगूठी, चेन, व कान की बाली भी बरामद की. इसके अलावा महिला के पास से पांच मोबाइल फोन एवं बैग भी बरामद हुए जिनमें चार एंड्रायड सेट एवं एक की पैड मोबाइल शामिल हैं. सिटी एएसपी सुधांशु जैन ने पत्रकारों को उक्त जानकारी देते हुए बताया कि कदमा थानांतर्गत न्यू रानीकुदर निवासी उक्त महिला के पास से बरामद गहने एवं मोबाइल फोन नगर के अन्य थाना क्षेत्रों से चोरी किये गये हैं.



