जमशेदपुर : साल के अपने पहले गाने झगड़ा 2 को लांच करने जमशेदपुर के बद्री स्टूडियो पहुंचे मशहूर गायक खेसारीलाल यादव मीडिया से रुबरू हुए. भारी संख्या में प्रशंसकों के बीच पहुंचे खेसारीलाल यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि वे भोजपुरी फिल्म ‘संघर्ष’ की शूटिंग के सिलसिले में हेलिकॉप्टर शार्ट के लिए दुबई जानेवाले हैं. बॉलीवुड में जाने के प्रश्न पर उन्होंने साफ कहा कि वे भोजपुरी के क्षेत्र में ही काम करेंगे और न तो बॉलीवुड और न ही राजनीति में जाएंगे. खेसारी ने कहा कि अगर झारखंड सरकार मदद करें तो वे साउथ की फिल्म इंडस्ट्री की तरह भोजपुरी इंडस्ट्री को भी ऊंचाई पर पहुंच जाएंगे. वहीं उन्होंने यह भी कहा कि वे झारखंड में शूटिंग करना चाहते है पर इसके लिए उन्हें सरकार की ओर से कोई लाभ नहीं मिल रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
भोजपुरी गीतों में अश्लीलता पर उन्होंने कहा कि उसके लिए अलग से सेंसर बोर्ड होना चाहिए जो फूहड गानों पर रोक लगा सके. खेसारी ने भोजपुरी में फूहड़ता और अश्लीलता के लिए काफी हद तक सरकारी मदद के अभाव को भी जिम्मेदार बताया है. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में सभी मल्टीप्लेक्सों को एक शो मराठी फिल्म का दिखाना अनिवार्य रखा गया है. अगर यहां भी ऐसे माहौल बने तो अच्छे कार्य करनेवाले जुड़ेंगे जो इस समृद्ध भोजपुरी भाषा को सिनेमा और गानों के जरिए आगे बढाएंगे. खेसारी ने कहा कि उनकी कोशिश रहती है कि उनके गानों में अश्लीलता न रहे. लेकिन सारा बदलाव अकेले करना मुश्किल है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने खुद पर चुटकी लेते हुए कहा कि “खाना से ज्यादा विवाद खाता हूं.”..खेसारी ने कहा कि काफी मेहनत से उन्होंने यह पहचान बनाई है कि आज उनके गाने पठान और पुष्पा के गाने के आस पास टॉप पर रहते हैं. खासकर उन्होंने नाथुनिया और कोका कोला गाने की चर्चा की जिस पर पूरा देश झूम रहा है.



