सरायकेला : एसपी आनंद प्रकाश ने मंगलवार को मासिक अपराध समीक्षा बैठक की. बैठक में जिले के सभी वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ ही सभी थानेदार भी मौजूद रहे. समीक्षा के क्रम में एसपी ने जिले के सभी वरीय पुलिस अधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को जिले में आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाते हुए अपराध नियंत्रण के कड़े निर्देश दिये. एसपी ने रात्रि गश्त तेज करने और कांडों के त्वरित निष्पादन का भी निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)

समीक्षा बैठक में आपराधिक घटनाओं एवं उन पर होनेवाली कार्रवाई पर भी चर्चा हुई. बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया एवं विभिन्न थानों में घटित लूट, हत्या आदि जैसे आपराधिक घटनाओं में अब तक हुई कार्रवाई एवं उपलब्धियों की जानकारी भी ली. एसपी ने पुलिस मुख्यालय की ओर से संचालित अभियानों में अधिक से अधिक भागीदारी का निर्देश देते हुए सभी थानेदारों से एक-एक कर पूछताछ भी की. उन्होंने लूटपाट एवं आपराधिक घटनाओं के लिए पूर्व चिह्नित स्थलों पर पुलिस बल तैनाती रखने का निर्देश दिया, साथ ही शराब के धंधेबाजों की धर-पकड़ तेज करने को भी कहा. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को लंबित आपराधिक मामलों के शीघ्र निष्पादन की हिदायत भी दी. पुलिस अधीक्षक ने थानेदारों को हर हाल में क्राइम कंट्रोल करने एवं अवैध शराब के धंधे में शामिल लोगों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को भी कहा. (नीचे भी पढ़ें)
साथ ही एसपी ने कहा कि जिला पुलिस साइबर ठगी रोकने के लिए तत्पर है और इसके लिए सूचना मिलते ही कार्रवाई भी की जाती है. एसपी ने थाना पहुंचने वाले हर व्यक्ति की बात सुनने एवं उसकी समस्या का यथासंभव निवारण करने का निर्देश दिया.. क्राइम मीटिंग में सरायकेला एसडीपीओ हरविंदर सिंह, चांडिल एसडीपीओ संजय सिंह, मुख्यालय डीएसपी चंदन कुमार वत्स, अभियान एसपी पुरुषोत्तम कुमार, गम्हरिया थाना प्रभारी राजीव कुमार, आदित्यपुर थाना प्रभारी राजन कुमार, ट्रैफिक प्रभारी सुषमा कुमारी, सरायकेला थाना प्रभारी नीतीश कुमार, राजनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार, आरआइटी थाना प्रभारी सागरलाल महथा समेत पूरे जिले के थाना प्रभारी व पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.



