
साकची में चोरी के मामले में दो गिरफ्तार, जेवरात बरामद
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना पुलिस ने कांड संख्या 214/ 22 मामले में रिमांड पर लाए गए अप्राथमिकी अभियुक्त सन्नी प्रसाद उर्फ टेनी और शेख अशफाक की निशानदेही पर कांड में प्रयुक्त टाटा जेस्ट कार रजिस्ट्रेशन नम्बर जेएच2एएन- 4464 के साथ चुराए गए सोने चांदी के जेवरात बरामद किए हैं. विदित हो कि वादी अजय मोदी ने पिछले साल 20 सितंम्बर से 9 अक्टूबर के बीच घर के खिड़की को काटकर करीब डेढ़ करोड़ रुपए नगदी सहित 50 लाख के जेवरात चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी. अजय मोदी शहर के जानेमाने व्यवसाईं हैं और वे पिछले साल सिंगापुर घूमने गए थे. उसी दौरान यह घटना हुई थी. हालांकि पुलिस ने मामले का उद्भेदन कर दिया है. इसमें अजय मोदी के चचेरे भाई मुख्य अभियुक्त के रूप में शामिल हैं, उनके साथ पुलिस ने कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया था. फिलहाल मामले का अनुसंधान अभी जारी है. (नीचे भी पढ़ें)

बिष्टुपुर में गांजा के साथ एक गिरफ्तार
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जुबिली पार्क तालाब के समीप से विकास कुमार नामक युवक को 15 ग्राम गांजा, एक मोबाइल और एक लाइटर के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इस संबंध में बताया गया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पार्क के समीप नशे के कारोबारी सक्रिय हैं. इसको लेकर एक टीम का गठन किया गया. टीम ने छापेमारी करते हुए युवक को हिरासत में लिया. जिसने पूछताछ के क्रम में अपना जुर्म कबूल कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)

बिष्टुपुर में जालसाजी में दो गिरफ्तार
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना पुलिस ने कांड संख्या 309/ 22 मामले के आप प्राथमिकी अभियुक्त राम नरेश कुमार एवं गुलबहार मलिक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. विदित हो कि सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर मांझी टोला निवासी रणविजय सिंह के शिकायत पर बिष्टुपुर थाने में अप्पा राव, एसके मिश्रा, पवन कुमार व अन्य के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र रचने, जाली दस्तावेज बनाकर अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया गया था. मामले की तफ्तीश के क्रम में कुछ प्राथमिकी एवं अप्राथमिकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी पूर्व में ही हो चुकी है. अनुसंधान के क्रम में उक्त दोनों अप्राथमिकी अभियुक्तों के नाम आने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.




