रामगोपाल जेना,चाईबासा: चाईबासा सदर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत टोंटो प्रखंड कार्यालय का कैंप कार्यालय अब सप्ताह में दो दिन पालीसाई में चलेगा.इसकी जानकारी विधायक दीपक बिरुवा ने दी. श्री बिरुवा ने कहा कि विगत 24 जनवरी को चाईबासा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने टोंटो ग्रामीणों की समस्या रखते हुए टोंटो प्रखंड कार्यालय को सप्ताह में दो दिन पालीसाई में कार्यालय कैंप शुरू कराने का अनुरोध मुख्यमंत्री से किया था. विदित हो कि वर्तमान में ग्राम लिसिया में टोंटो प्रखंड सह अंचल कार्यालय अवस्थित है. प्रखंड मुख्यालय से टोंटो प्रखंड का तीनपंचायत बुंडुबंकी, रेंगड़ाहातु और टोंटो लगभग 60-70 किमी दूर है. ये तीनों पंचायत भौगोलिक दृष्टिकोण से अलग थलग है और नक्सल प्रभावित क्षेत्र है.ऐसे में यहां के बुजुर्ग, असहाय लोगों को पेंशन व अन्य जरूरी काम के लिए 60-70 किमी दूर आने जाने में काफी दिक्कत होती है. जहां आवागमन की भी समुचित व्यवस्था नहीं है. विधायक दीपक बिरुवा ने कहा कि जनहित में टोंटो प्रखंड का अस्थायी कैंप कार्यालय अब पालीसाई में सप्ताह में दो दिन सोमवारऔर शनिवार को चलेगा.(नीचे भी पढ़े)
इसके अलावा गुदड़ी प्रखंड का अस्थायी कैंप कार्यालय लोढ़ाई में और बंदगांव का अस्थायी कैंप कार्यालय कराईकेला सप्ताह में एक दिन शुक्रवार को संचालित होगा. विधायक दीपक बिरुवा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का जनसमस्या को लेकर जनहित में सराहनीय एवं ऐतिहासिक निर्णय है. टोन्टो के जिला परिषद सदस्य राज तुबिद ने कहा कि यह सराहनीय कदम है. इसके लिए मुख्यमंत्री और विधायक दीपक बिरुवा का आभार जताया है. जनहित में यह कैंप कार्यालय अतिआवश्यक था.टोंटो के बुधराम लागुरी ने कहा कि बुंडुबंकी, रेंगड़ाहातु और टोंटो के लोगों की बहुत बड़ी समस्या दूर हो गई है. विधायक दीपक बिरुवा का प्रयास रंग लाया.




