जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी एवं राम मनोहर लोहिया सेवा संस्थान के 672वें नेत्र शिविर का आज ऑपरेशन कराये मरीजों की विदाई के साथ समापन हो गया. आज चिकित्सकों द्वारा मरीजों की आंखों की अंतिम जांच किये जाने के पश्चात उन्हें आवश्यक दवाइयां, चश्मे एवं आंखों की देखभाल के संबंध में उपयोगी जानकारी देने के बाद विदा किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी एवं राम मनोहर लोहिया सेवा संस्थान द्वारा द्रौपदी देवी चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से स्व कुलभूषण लाल छाबड़ा की पुण्य स्मृति में 672वें नेत्र शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर में रविवार को कुल 26 मोतियाबिंद के मरीजों का मुफ्त ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण किया गया. शिविर के अंतिम दिन, सोमवार को जाने माने नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम ने नेत्र रोगियों की पट्टी खोलकर उनकी अंतिम रूप से जांच की. इसके पश्चात शिविर संयोजक एवं स्व छाबड़ा के पुत्र संजय छाबड़ा एवं पौत्र साहिल छाबड़ा ने नेत्र रोगियों को चश्मे पहनाये एवं दवाइयां प्रदान की. इसके पश्चात सभी नेत्र रोगियों को आंखों की देखभाल के सम्बन्ध में जानकारी देकर उन्हें विदा किया गया. इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के अध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल, रेड क्रॉस कार्यकर्ता राकेश मिश्र, हर्ष अग्रवाल, आशीष कुमार सिंह, अशोक घोषाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे.(नीचे भी पढ़ें)
अगला नेत्र शिविर 25 फरवरी से
रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि रेड क्रॉस का 673वां नेत्र शिविर समाजसेवी स्व रसिकलाल छगनलाल आडेसरा की स्मृति में छगनलाल दयालजी सन्स द्वारा सामाजिक सरोकार के तहत 25 से 27 फरवरी तक आयोजित किया जायेगा.



