जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना अंतर्गत बागेजमशेद गोल चक्कर के पास सड़क रणभूमि में तब्दील हो गयी. देखते ही देखते गाड़ियों की लंबी कतार लग गई और कार का चालक एक बाइक सवार की डंडे से पिटाई करने लगा. इतना ही नहीं, कार पर सवार एक वृद्ध व्यक्ति ने भी बाइक सवार युवक पर हाथ साफ कर लिया. हालांकि लंबा जाम लग जाने के कारण पुलिस भी वहां आ धमकी, लेकिन पुलिस के सामने भी बाइक सवार युवक पर हमला होता रहा, जबकि पुलिस मूक दर्शक बनी देखती रही. (नीचे भी पढ़ें)
ज्ञात हो कि जुबिली पार्क का गेट बंद कर दिये जाने के कारण अभी बागेजमशेद होकर ही गाड़ियों की आवाजाही हो रही है. इसी दौरान भीड़ होने के कारण एक बाइक से एक कार में पीछे से ठोकर लग गयी. फिर क्या था, कार सवार युवक ने कार से उतर कर अपनी गाड़ी की डिक्की से डंका निकाला एवं बाइक सवार की पिटाई शुरू कर दी. बाकी वाहन वाले तमाशा देखते रहे और युवक पिटता रहा. सवाल उठता है कि कार चालक को कानून हाथ में लेने का अधिकार किसने दिया. अगर किसी प्रकार की समस्या थी तो उसके लिए पुलिस और कानून है, लेकिन कार सवार की दिलेरी ऐसी कि बाइक सवार की बेरहमी से पिटाई कर दी. यही नहीं पुलिस के पहुंचने के बाद भी वह बाइक सवार की पिटाई करता रहा और पुलिस तमाशा देखती रही. बल्कि कार में बैठे एक बुजुर्ग ने भी युवक पर हाथ साफ कर लिया.



