रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर/मनोहरपुर : बिजली विभाग के एसडीओ व सहकर्मियों के संग दुर्व्यवहार एवं जान से मारने की धमकी का मामला तूल पकड़ने लगा है. मंगलवार को एसडीओ सुभाष प्रसाद ने मनोहरपुर के ठेकेदार नंदलाल गुप्ता और उनके बेटे सौरभ गुप्ता के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने व जान मारने की धमकी देने जैसे आरोप लगाते हुए मनोहरपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. (नीचे भी पढ़ें)
विदित हो कि विगत सोमवार की दोपहर विभाग के एसडीओ सुभाष प्रसाद के नेतृत्व में कार्यालय सहायक सुमित कुमार आलोक, दिनेश कुमार लोहरा, सुजीत महतो, नारायण राम हो, सत्यवाहन नायक व सूरज लाल पुर्ती के साथ मनोहरपुर बाजार क्षेत्र में बकाया बिजली बिल कलेक्शन एवं बिजली कनेक्शन विच्छेद करने का कार्य करा रहे थे. इसी दौरान दोपहर ढाई बजे टीम पंकज कुमार गुप्ता के घर पहुंची और बकाया राशि जमा नहीं करने पर विद्युत कनेक्शन काट दिया. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद टीम मनोहरपुर बाज़ार में पोस्ट ऑफिस के पास पहुंची. उसी समय नंदलाल गुप्ता और उनके पुत्र सौरभ गुप्ता भी वहां पहुंचे और पंकज गुप्ता के घर की लाइन जोड़ने के लिए दबाव बनाने लगे. परंतु एसडीओ सुभाष प्रसाद ने बिना बकाया जमा किये लाइन जोड़ने से इनकार कर दिया. इस पर नंदलाल गुप्ता एवं उनके पुत्र सौरभ गुप्ता ने एसडीओ और उनकी टीम के साथ गाली-गलौज और धक्का- मुक्की शुरू कर दी. इतना ही नहीं, नंदलाल गुप्ता ने जूता निकालकर हवा में लहराते हुए एसडीओ और उनकी टीम को मारने की कोशिश भी की. (नीचे भी पढ़ें)
दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक नंदलाल गुप्ता ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी और फील्ड में जान मरवाने, उठवा लेने और 6 इंच छोटा करने की धमकी भी दी. यही नहीं, उन्होंने अपनी राजनीतिक पहुंच के बल पर उन्हें नौकरी खा जाने एवं महिला के साथ छेड़खानी एवं अभद्रता का गलत आरोप लगाते हुए एसडीओ के खिलाफ उलटा केस करने की धमकी भी दी. इस दौरान कार्यालय सहायक सुमित कुमार आलोक का कॉलर पकड़कर उन्हें भी जान मारने की धमकी दी गई. उन्होंने कहा है कि इस घटना के बाद एसडीओ और उनकी टीम डर गई है, जिसके कारण पूरी टीम बिजली बिल संग्रहण का काम छोड़ कर वापस ऑफिस लौट गई,जिससे सरकारी कार्य बाधित हो गया. उन्होंने बताया कि नंदलाल गुप्ता की दबंगता से विभाग के कर्मी भयभीत हैं.



