जादूगोड़ा : मुसाबनी की बीडीओ सीमा कुमारी जादूगोड़ा की दक्षिणी इंचड़ा पंचायत में विकास की धीमी गति से काफी खफा हैं. उधर इस मामले में कारवाई करते हुए पंचायत सचिव कानूराम हांसदा के वेतन भुगतान पर विगत दो महीनों से रोक लगा दी गई है. वहीं मुखिया मंजली वांद्रा को आज दूसरी बार कारण बताओ नोटिस जारी की गई है. (नीचे भी पढ़ें)
इस बीच आज पहली मार्च को विकास की धीमी गति पर नोटिस मिलने पर मुखिया मंजली वांद्रा हैरानी जताई है. इस बाबत पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि बीडीओ साहिबा सीमा कुमारी क्षेत्र के विकास के लिए स्वयं अपने स्तर से वेंडरो को विकास के काम देती रही हैं. ऐसे में वे विकास की धीमी गति को लेकर जवाब तलब किये जाने को लेकर हैरान हैं. उन्हें दूसरी बार इस तरह का नोटिस मिला है. उनकी नजरों में तो क्षेत्र के विकास का काम चल रहा है, इसलिए वे पत्र का जवाब जल्द भेज देंगी.(नीचे भी पढ़ें)

दो महीने से नहीं मिला वेतन : पंचायत सचिव
वहीं दक्षिणी इचड़ा पंचायत में धीमे विकास की गाज पंचायत सचिव कानूराम हांसदा पर गिरी है. वे विगत दो महीने से बिना वेतन के ही काम कर रहे हैं. कानूराम हांसदा का कहना है कि वेतन के अभाव में किसी तरह गुजारा कर रहे हैं. विकास की धीमी गति के आरोप के संबंध में उन्होंने कहा कि उनके दक्षिणी इचड़ा पंचायत में ज्यादातर हिस्सा यूसिल कॉलोनी में आता है. बचा क्षेत्र फॉरेस्ट लैंड में है. यही वजह है कि विकास का प्रतिशत कम प्रदर्शित होता है जिसके आकलन की जरूरत है. इसके बावजूद ग्रामीणों से बात कर नयी योजनाएं ली जा रही हैं. उन्होंने कहा कि वे भी क्षेत्र के विकास को लेकर तत्पर हैं.



