जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के गंडक रोड में शुक्रवार शाम घर से इवनिंग वाक पर निकली महिला की चेन छीन कर अपराधी फरार हो गये. शाम लगभग 4:30 बजे के करीब 55 वर्षीया महिला कृष्णा देवी घर से इवनिंग वाक के लिए निकली थी. (नीचे भी पढ़ें)
कृष्णा देवी नामक महिला अपने घर के पास ही शाम को टहलने के लिए निकली थी तभी एक बाइक पर सवार होकर हेलमेट पहने दो बदमाश उनके पास आये एवं पीछे बैठे बदमाश ने उन्हें धक्का दे दिया. धक्के से कृष्णा देवी जमीन पर गिर गईं, तभी बदमाश ने गाड़ी से उतर कर उनके गले से चेन छीन ली एवं दोनों बाइक पर सवार होकर वहां से फरार हो गये. गिरने की वजह से कृष्णा देवी का दाहिना हाथ फ्रैक्चर हो गया है. शोरगुल सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, जिन्होंने कृष्णा देवी के बेटे संदीप सिंह को घटना की सूचना दी. संदीप टाटा स्टील में जॉब करते हैं. वह मौके पर पहुंचे और अपनी मां कृष्णा देवी को इलाज के लिए टीएमएच ले गये. इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना साकची थाना में दी है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.



