जमशेदपुर / कपाली : जमशेदपुर के सोनारी पीसीआर वैन-11 पर सवार पुलिसकर्मियों पर सरायकेला के कपाली के रहने वाले मोहम्मद शुभान अंसारी को डोबो पुल पर पीटने का आरोप लगा है. घटना के बाद कपाली से बड़ी संख्या में महिलाएं घायल युवक को लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची और घटना का विरोध करने के साथ ही एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई. पीडित युवक ने बताया कि वह जमशेदपुर की तरफ से डोबो पुल होते हुए अपने घर कपाली जा रहा था. इसी बीच किसी का काफिला गुजर रहा था. वह उसके पीछे ही चल रहा था. गाडियां पार हो रही थी. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान सोनारी पीसीआर संख्या-11 की गाड़ी पर सवार पुलिस कर्मियों ने उसे रोका और उसकी पिटाई कर दी. पहले एक पुलिस वाले ने डंडे से पीटा और जब पीटने का कारण पूछा तो दूसरे पुलिसवाले ने भी डंडे से पीट दिया. युवक का कहना है कि उसका हेल्मेट भी खुलवाया गया. युवक ने बताया कि जैसे ही उसने अपना नाम मोहम्मद शुभान अंसारी और घर कपाली बताया पुलिस को बताया उसके बाद उन्होंने उसे और पीटने शुरू कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
युवक के साथ कपाली से आयी महिलाओं ने इस घटना को लेकर काफी नाराजगी जताई और तस्लीमा मल्लिक के नेतृत्व में एसएसपी प्रभात कुमार से मिलकर न्याय की गुहार लगाई. एसएसपी प्रभात कुमार ने शार्प भारत को बताया कि इस संबंध में पीड़ित पक्ष से लिखित आवेदन ले लिया गया है. मामले की जांच शुरु कर दी गयी है और दोषी पाए जाने पर पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई होगी. किसी भी हालत में आम पब्लिक के साथ बेवजह का दुर्व्यवहार या अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.




