जमशेदपुर : मानगो स्थित वन विभाग के हॉल में एसडीओ पीयूष कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में मंगलवार को शांति समिति की बैठक आयोजित हुई. बैठक में ईद का त्योहार शांति पूर्वक संपन्न कराने को लेकर विचार-विमर्श हुआ. बैठक में मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी सुरेश यादव, मानगो थाना प्रभारी विनय कुमार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)
एसडीओ पीयूष सिन्हा ने मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी को ईद के मद्देनजर क्षेत्र में अभियान चलाकर साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया. उन्होंने मस्जिद और ईदगाह के आसपास विशेष रूप से साफ-सफाई कराने को कहा. इसके अलावा मानगो समेत विभिन्न थानों की शांति समितियों के सदस्य भी बैठक में शामिल हुए. सभी ने अपनी अपनी बातें रखीं एवं प्रशासनिक अधिकारियों को अपनी समस्याएं भी बताईं. एसडीओ ने सभी समस्याओं का यथा संभव समाधान कराने का आश्वासन दिया. (नीचे भी पढ़ें)
एसडीओ ने सभी का आह्वान किया कि वे ईद का त्योहार शांतिपूर्वक मनाएं एवं एक-दूसरे की भावनाओं का ख्याल रखें. मतलूब अनवर खान ने बताया कि इस बैठक में अलविदा जुमा को लेकर भी चर्चा हुई. अलविदा जुमा के दिन भी साफ-सफाई के इंतजाम किये जायेंगे. उन्होंने कहा कि पानी बिजली की भी कोई समस्या नहीं होगी. शांति समिति की बैठक में मौजूद दूसरे धर्म के लोगों ने कहा कि उनके इलाके में भले ही कम पानी दिया जाए, लेकिन पर्व के अवसर पर मुस्लिम बहुल इलाकों में भरपूर पानी दिया जाए, ताकि मुस्लिम बिरादरी के लोग अच्छी तरह ईद मना सकें.





