
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र के सुरती चौक पर टेंपो पार्क करने के विवाद में मंगलवार की देर रात दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई. इस मारपीट में दोनों पक्ष के 11 लोग घायल हुए हैं. इनमें से 6 लोगों का सर फट गया है. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई. घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताते हैं कि थाना परिसर में भी दोनों पक्षों में झगड़ा होता रहा. पुलिस ने दोनों पक्षों को डांट डपट कर झगड़ा शांत कराया..बताते हैं कि जुगसलाई के गौरीशंकर रोड आशियाना के रहने वाले मोहम्मद मुश्ताक के परिवार का एक युवक मास खान गुजरात से पढ़ाई कर लौटा है. इस पर मंगलवार की रात पार्टी रखी गई थी. इसी बीच में देर रात असलम नामक युवक अपना टेंपो लेकर पहुंचा और अपने घर के सामने खड़ा कर दिया. मोहम्मद मुश्ताक ने इसका विरोध किया और कहा कि उसके घर पर पार्टी चल रही है. टेंपो आज दूसरी जगह लगा लो. इस पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया. पहले गाली गलौज और फिर मारपीट हुई. टेंपो चालक और मुश्ताक की तरफ से कई लोग पहुंच गए. जमकर लाठी- डंडे चले. किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दी. इस पर पुलिस पहुंची. बताते हैं कि इस घटना में मुश्ताक के अलावा उसका बड़ा भाई इरफान, चचेरा भाई शमीम, भतीजा दानिश हसन और नसीब घायल हुए हैं. टेंपो चालक असलम के अलावा बबलू गद्दी, कैसर गद्दी, सोनू गद्दी, बाबू गद्दी और इसरार आलम आदि घायल हुए हैं.



