जमशेदपुर : जुगसलाई थानांतर्गत पावर हाउस गेट के पास विगत 27 अप्रैल को हुई दुर्घटना में छात्र ललित प्रसाद की मृत्यु एवं उसके पिता विकास प्रसाद के पांव में फ्रैक्चर हो जाने के कारण उसके परिजनों को असहनीय दुख तो झेलना ही पड़ रहा है, साथ ही गरीब परिवार को आर्थिक संकट का सामना भी करना पड़ रहा है. इससे परेशान विकास प्रसाद की पत्नी अनीता प्रसाद ने शनिवार को मुहल्ले की अन्य महिलाओं के साथ उपायुक्त कार्यालय पहुंच कर उनसे शीघ्र दुर्घटना सहायता राशि दिलाने की गुहार लगाई. (नीचे भी पढ़ें)
अनीता प्रसाद ने उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन में जुगसलाई पावर हाउस गेट के पास 27 अप्रैल को स्कूल बस के बेटे ललित को स्कूल पहुंचाने जा रहे पति विकास प्रसाद की स्कूटी में धक्का मारने और इस दुर्घटना में बेटे ललित की मौत एवं पति विकास प्रसाद का पांव फ्रैक्चर होने की जानकारी देते हुए बताया है कि पुत्र के निधन का दुस्सह दुख तो है ही, आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए पति ही आय के एकमात्र स्रोत हैं. उनका पांव टूट जाने के कारण अब वह भी बंद हो गया है, जिससे परिवार के समक्ष आर्थिक संकट भी उत्पन्न हो गया है. अनीता प्रसाद ने इसके मद्देनजर उपायुक्त से दुर्घटना सहायता राशि का भुगतान शीघ्र मुहैया कराने का आग्रह किया है ताकि संकट की घड़ी में परिवार को कुछ मदद हो सके.




