
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा स्थित आंध्र एसोसिएशन स्कूल के पास हुई फायरिंग के मामले में बिष्टुपुर पुलिस ने झामुमो नेता फिरोज खान समेत तीन लोगों के खिलाफ इश्तिहार जारी किया है. इन तीनों लोगों की गिरफ्तारी का आदेश दिया गया है. लेकिन यह लोग फरार हैं. इस मामले में इन तीनों के खिलाफ इश्तिहार जारी होने के बाद बिष्टुपुर पुलिस ने उनके आवासों पर इश्तेहार चस्पा किया. जिनके घरों पर इश्तेहार चस्पा किया गया है उसमें झामुमो नेता फिरोज खान, अकील अहमद खान और मोटू परवेज और फजल हक खान उर्फ़ पिंटू शामिल है. सभी आरोपियों के विरुद्ध 10 जून 2022 को जमशेदपुर कोर्ट के एसडीजेएम के न्यायालय से गिरफ्तारी का वारंट जारी है, लेकिन कदमा थाना की पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई. फिरोज खान की अग्रिम जमानत याचिका जमशेदपुर कोर्ट अपर जिला व सत्र न्यायाधीश संजय कुमार उपाध्याय के न्यायालय से खारिज हो चुकी है. सभी के विरुद्ध बिष्टुपुर थाना क्षेत्र धतकीडीह निवासी अशफाक खान रंगदारी को लेकर जानलेवा हमला करने, फायरिंग करवाने और पूर्व में दर्ज मुकदमे को वापस लेने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए 17 अक्टूबर 2020 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी.




