चाकुलिया : पश्चिम बंगाल सीमा से सटे लुगाहारा गांव से सटे लधनबनी गांव पहुंचे 40 हाथियों के झुंड को गांव से दूर ले जाने के लिए रविवार को दूसरे दिन भी चाकुलिया वन क्षेत्र के पदाधिकारी दिग्विजय सिंह क्विक रिस्पांस टीम के सदस्यों के साथ गांव में कैंप किए हुए हैं. रेंजर के नेतृत्व में क्विक रिस्पांस टीम और ग्रामीण हाथों में मशाल लेकर गांव से सटे जंगल से हाथियों के झुंड को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं. समाचार लिखे जाने तक रेंजर के नेतृत्व में सभी लधनबनी गांव के जंगल से 40 हाथियों के झुंड को खदेड़ने में जुटे हुए हैं. (नीचे भी पढ़ें)

विगत कुछ दिनों से 50 हाथियों का झुंड लुगाहारा जंगल में आने से गांव के ग्रामीण हाथियों के भय से दहशत में थे वही क्षेत्र के किसान अपनी फसल की सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित थे. वन विभाग के पदाधिकारीयों द्वारा हाथियों को गांव से दूर भगाने के कार्य में जुटने से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है. ज्ञात हो कि शनिवार को टीम द्वारा 10 हाथियों को बंगाल सीमा में प्रवेश कराया गया है और बाकी 40 हाथियों को भी टीम द्वारा बंगाल में प्रवेश कराने का प्रयास किया जा रहा है.





