
गालूडीह : खेती बाड़ी के काम को निपटाने के बाद लगातार गांवों में छऊ नृत्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. इसी क्रम में बीती देर रात बड़ाखुर्शी पंचायत के सालबनी गांव में विराट छऊ नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि घाटशिला विधायक रामदास सोरेन शामिल हुए. स्थानीय ग्रामीणों ने फूलों की माला पहनाकर विधायक का जोरदार स्वागत किया. विधायक ने छऊ नृत्य कार्यक्रम का विधिवत फीता काटकर उदघाटन किया. पुरुलिया पश्चिम बंगाल से दो टीम सालबनी गांव पहुंची थी. वहीं, सुनीता महतो महिला छऊ नृत्य टीम के सदस्यों ने अपने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति से उपस्थित श्रोताओं का मन मोह लिया. ग्रामीणों की भीड़ को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि गांवों में लगातार हो रहे ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी समरसता बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों में संस्कृति को बल मिल रहा है. यह सुखद संकेत है कि अब इन कार्यक्रमों के आयोजन में युवा वर्ग सामने आने लगे हैं. मौके पर बादल किस्कू, भादो हांसदा, अबनी महतो, लखपति गिरी, धीरेंद्रनाथ महतो सह ग्रामीण उपस्थित थे.



