गालूडीह: घाटशिला विधायक रामदास सोरेन ने शुक्रवार को तीन तालाबों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. तीन तालाबों में से जोड़िसा पंचायत के सिरसा गांव में 21 लाख रुपये की लागत से तालाब का निर्माण किया जाएगा. वहीं दो अन्य तालाब का निर्माण कार्य बाघुड़िया पंचायत के केशरपुर में 23 लाख की लागत से, बड़ाखुर्शी पंचायत के गिधिबिल टोला में 19 लाख की लागत से लाभुक समिति द्वारा किया जाएगा. तालाबों का निर्माण भूमि संरक्षण विभाग से होगी. मौके पर विधायक ने कहा कि प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की जीविका कृषि पर निर्भर है. सिंचाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने से किसान एक ही फसल उगा पाते हैं. तालाब के निर्माण से कई एकड़ जमीन सिंचित होगी. किसान कई फसलों की खेती कर पाएंगे. विधायक ने कहा कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार किसानों को लेकर गंभीर हैं. किसानों की आमदनी बढ़ाने की दिशा में राज्य सरकार निरंतर कोशिश कर रही है.सिरसा गांव में स्थित तालाब के आड़ को किसी बिल्डर द्वारा सड़क बना दिया गया है.(नीचे भी पढे)
इस पर विधायक ने कहा कि उक्त जगह पर किसी तरह का कोई सड़क नहीं है बल्कि तालाब का आड़ है. तालाब के आड़ को जानबूझकर सड़क बनाया गया है, जो कि सरासर गलत है. विधायक ने लाभुक समिति को आदेश दिया कि तालाब निर्माण के समय उक्त सड़क में तालाब का आड़ बनेगा. आपको बता दें कि शिलान्यास भी तालाब के आड़ में ही किया गया. मौके पर भूमि संरक्षण अधिकारी एसएन सिंह, झामुमो के वकील हेंब्रम, रतन महतो, सोनाराम सोरेन, दुर्गा मुर्मू, बादल किस्कू, अबनी महतो, भादो हांसदा, मंटू महतो, अशोक महतो, पिंटू महतो, शिपु शर्मा आदि उपस्थित थे.



