आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना प्रभारी राजन कुमार रविवार को पूरे लय में नजर आये. उन्होंने कुख्यात अपराधकर्मी कादिम खान के छोटे बेटे शहबाज उर्फ मुन्ना को उसके चार गुर्गों के साथ महज कुछ घंटों के भीतर हथियार के साथ धर दबोचा. फिलहाल सभी से दिंदली बाजार के वस्त्र व्यवसायी से रंगदारी मांगने के मामले में पूछताछ की जा रही है. इसके साथ ही थाना प्रभारी का दिंदली बाजार के दुकानदारों से किया गया वायदा पूरा हो गया है. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि बीती रात शहबाज ने दिंदली बाजार स्थित प्रेम वस्त्रालय में अपने गुर्गों के साथ पहुंच कर हथियार के बल पर हफ्ता वसूली के उद्देश्य से रंगदारी की मांग की थी. इससे भयभीत दुकानदारों ने रविवार सुबह थानेदार से मिल कर सुरक्षा की गुहार लगाई थी. थानेदार ने दुकानदारों से भयमुक्त होकर कारोबार संचालित करने को कहते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया था. थाना प्रभारी राजन कुमार ने अपनी टीम के साथ इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों को चंद घंटों के भीतर धर दबोचा.(नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने थाना प्रभारी के नेतृत्व में आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती की घेराबंदी कर अलग-अलग हिस्सों से शाहबाज एवं उसके सहयोगी 4 युवकों को धर दबोचा. बाद में उनकी निशानदेही पर एक धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस फिलहाल सभी अपराधियों से पूछताछ कर रही है.



