जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन सभागार में रविवार को श्रम संगठनों का कोल्हान स्तरीय संयुक्त कन्वेंशन आयोजित हुआ, जिसमें केंद्र सरकार की जन विरोधी राष्ट्र विरोधी नीतियों का विरोध किया गया. कन्वेंशन में इंटक, एटक, सीटू, ऐक्टू, एचएमएस, एआइयूटीयूसी आदि केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के साथ ही अराजपत्रित कर्मचारी, बैंक, बीमा, डाक, बीएसएनएल, सेल्स प्रमोशन, डीवीसी और रेलवे कर्मचारियों के फेडरेशनों एवं झारखंड वर्कर्स यूनियन के बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. (नीचे भी पढ़ें)

राकेश्वर पांडे, केके त्रिपाठी एवं बीएन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कन्वेंशन में प्रस्तुत घोषणा पत्र में बताया गया कि आज जनता के साथ-साथ देश की स्थिति भी चिंताजनक ही नहीं संकटग्रस्त हो गयी है, जिसके लिए केंद्र सरकार की मौजूदा नीतियां ही जिम्मेवार हैं. केंद्र सरकार की नीतियों को मजदूर, किसान एवं जन विरोधी के साथ ही राष्ट्र विरोधी भी करार देते हुए कहा गया कि ये नीतियां हमारी राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था ही नहीं, बल्कि देश की एकता और अखंडता के लिए भी विनाशकारी साबित हुई हैं.(नीचे भी पढ़ें)
वक्ताओं ने घोषणा पत्र का समर्थन करते हुए कहा कि अभूतपूर्व बेरोजगारी के साथ-साथ रोजगार की स्थिति और गुणवत्ता में लगातार गिरावट, महंगाई पर काबू पाने में विफलता, मौजूदा श्रम कानूनों का घोर उल्लंघन, कॉरपोरेट हित में नया कानून बनाने की प्रक्रिया, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में लगातार कटौती आदि के कारण जनजीवन गहरे संकट में है. वक्ताओं ने अति अमीरों और कॉरपोरेट को लाभ पहुंचाने वाली उन नीतियों पर भी रोष जताया जो अर्थव्यवस्था के संकट को और गहरा कर रही हैं. घोषणा पत्र में यह भी कहा गया है कि इन विनाशकारी नीतियों को लागू करने के क्रम में संवैधानिक और लोकतांत्रिक मानदंडों का उल्लंघन या उन्हें कमजोर किया जा रहा है, जनवादी आन्दोलनों को कमजोर करने की नीयत से नफरत की राजनीति एवं बहुसंख्यक सांप्रदायिक ध्रुवीकरण के तहत विभाजनकारी नीति अपनायी जा रही है.(नीचे भी पढ़ें)
इस पृष्ठभूमि में जनता बचाओ – देश बचाओ नारे तथा वैकल्पिक नीतियों के तहत चार मजदूर विरोधी लेबर संहिताओं को समाप्त करने, किसानों के लिए वैधानिक एमएसपी सुनिश्चित करने, विनिवेश और एनएमपी के प्रयासों को समाप्त करने, बिजली संशोधन विधेयक एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति वापस करने, अनौपचारिक क्षेत्र के कामगारों, ठेका कामगारों एवं स्कीम वर्करों के लिए कानूनी तथा सामाजिक सुरक्षा, समान काम के लिए समान वेतन, शहरी क्षेत्रों के लिए रोजगार गारंटी तथा मनरेगा को मजबूत बनाना सुनिश्चित करने, पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने सहित अन्य मांगों को दोहराया गया. कन्वेंशन में राष्ट्रीय हित में एकता और सौहार्दपूर्ण जीवन तथा विनाशकारी नीतियों को हराने के लिए के लिए लड़ाई जारी रखने का भी संकल्प लिया गया.(नीचे भी पढ़ें)
इससे पूर्व राकेश्वर पांडेय ने सम्मेलन का उद्घाटन किया, जबकि परबिंदर सिंह सोहल, विश्वजीत देव और हीरा अरकने ने कार्यवाही का संचालन किया. मीरा तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया. सभा को संबोधित करते हुए सुब्रत विश्वास, तुषार बनर्जी, संजय कुमार, शशि कुमार, संजीव श्रीवास्तव, सुजय राय, ओमप्रकाश सिंह, केके त्रिपाठी, बीएन सिंह, विश्वजीत देव, हीरा अर्कने, एस के राय, महेंद्र मिश्रा,परबिंदर सिंह सोहल आदि ने मेहनतकश जनता से उन कॉरपोरेट और सांप्रदायिक गठजोड़ को हराने की अपील अपील की, जिनके प्रभाव में सरकार ऐसी विनाशकारी नीतियां बना रही है. बैठक में इंटक से राकेश्वर पाण्डेय,के के त्रिपाठी, विश्वजीत देव, आरएस रॉय, हीरा अर्कने, एसके राय, ओम प्रकाश सिंह, उषा सिंह, मीरा तिवारी, गायत्री देवी, आदि नेता एवं विभिन्न ट्रेड यूनियनों के कार्यकर्ता उपस्थित थे.














