जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बड़ौदा घाट रिवर व्यू कॉलोनी निवासी अनुज कुमार को साइबर ठगों ने चूना लगा दिया है. साइबर ठगों ने मोबाइल पर ऐप डाउनलोड कराने के बाद अनुज कुमार के क्रेडिट कार्ड का प्रयोग करते हुए उनके बैंक अकाउंट से डेढ़ लाख रुपये पार कर दिए हैं. बैंक अकाउंट से डेढ़ लाख रुपये कटने का मैसेज आया तब अनुज कुमार को पता चला कि वे साइबर ठगों के शिकार बन गये हैं. इस मामले में अनुज कुमार के आवेदन पर मंगलवार को बागबेड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस साइबर ठगों का पता लगाने में जुट गई है. अनुज मूल रूप से बिहार के बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के कुमरखाल गांव के रहने वाले हैं.











