सरायकेला : सिंहभूम बंगीय एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने सेंट्रल कमेटी सेक्रेटरी विश्वनाथ घोष के नेतृत्व में जिले के डीसी को सीएम के नाम एक ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में राज्य में बांग्ला भाषा को उचित स्थान प्रदान करने के साथ ही राज्य के सभी जिलों के विद्यालयों में बंगला शिक्षकों की नियुक्ति कराने, कक्षा 1 से लेकर 10 तक बांग्ला भाषा की पुस्तकों की आपूर्ति कराने, रेलवे स्टेशनों के नाम पट्ट में पुनः बांग्ला में नाम दर्ज कराने समेत कई मांगें की गई हैं. (नीचे भी पढ़ें)
बताया गया कि राज्य के पांच प्रमंडलों के अधिकांश जिलों में बांग्ला भाषा, बांग्ला लोकाचार, बांग्ला रीति रिवाज, बांग्ला लोक उत्सव, बांग्ला लोक कला आज भी जीवन्त है. राज्य के 42% से भी अधिक आबादी बांग्ला भाषा बोलती और समझती है. खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी बांग्ला ही बोल-चाल की प्रमुख भाषा है. ज्ञापन में कहा गया है कि विगत 23 वर्षों में सत्ता एवं शासन द्वारा राज्य में बांग्ला भाषा एवं बांग्लाभाषियों की घोर उपेक्षा की गई है. इससे पूरे राज्य में बांग्लाभाषियों में रोष है. प्रतिनिधिमंडल में शांति मुखर्जी, जयंतो बोस, चिन्मय पात्रो, भास्कर दासगुप्ता, सुब्रतो राय, तपन दास, जय चक्रवर्ती, पल्लव चौधरी, प्रेम महतो, सागर मोदक, गौतम आदि शामिल थे.











