जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के मीडिया प्रभारी राम सिंह मुंडा ने दक्षिण पूर्व रेलवे के एरिया मैनेजर को पत्र लिखकर सलगाझरी अंडर ब्रिज को बंद कर दिये जाने से आम लोगों को हो रही परेशानी से उन्हें अवगत कराया है. उन्होंने बताया है कि टाटानगर में सलगाझरी रेलवे अंडरब्रिज बनने से पहले ही थर्ड रेल लाइन बिछाने के क्रम में पुराने अंडरब्रिज को पूरी तरह से बंद कर दिये जाने के कारण लगभग 15 पंचायतों के निवासियों का शहर में आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है.(नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि इस सड़क से प्रतिदिन हजारों लोग शहर के विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों में काम करने के लिए जाते हैं. जबसे अंडरब्रिज को बंद किया गया है, तब से अनेक लोग अपनी ड्यूटी पर समय से नहीं पहुंच पा रहे हैं. यही नहीं, मरीजों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाना भी मुश्किल हो गया है, क्योंकि पूरे ग्रामीण क्षेत्र को शहर से जोड़ने के लिए एकमात्र यही रास्ता था, जो अब बंद हो गया है. (नीचे भी पढ़ें)

विदित हो कि थर्ड लाइन बिछाने के क्रम में पुराने अंडर ब्रिज को पूरी तरह से बंद कर पुलिया निमार्ण कार्य किया जा रहा है. वहीं दूसरी ओर सलगाझरी रेलवे फाटक ही आम जन के आवागमन का एकमात्र रास्ता बचा है. लेकिन उधर से आवागमन करने वालों को घंटो जाम का सामना करना पड़ रहा है. इसका कारण यह है कि टाटा पावर एवं न्यूवोको सीमेंट कंपनी की ओर जाने वाली मालगाड़ियां बहुत ही धीरे-धीरे पास होती हैं. इस बीच मेन लाइन से भी ट्रेनों का आना-जाना लगा रहता है. इसके कारण फाटक काफी देर तक बंद रहता है और दूसरी तरफ जाने के इंतजार में दोनों ओर लोगों के वाहनों की कतारें लग जाती हैं. साथ ही रेलवे यार्ड की ओर जाने वाले ट्रैक रोड की स्थिति बहुत ही खराब है, जिससे आये दिन दुर्घटनाएं घटती रहती हैं.(नीचे भी पढ़ें)

राम सिंह मुंडा ने रेलवे के क्षेत्रीय मैनेजर से आग्रह करते हुए कहा है कि जब तक पुराना अंडरब्रिज रोड चालू न हो जाए, तब तक राहगीरों के लिए आवागमन की सुदृढ़ वैकल्पिक व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए. उन्होंने सुबह 7 से 10 एवं शाम 5 से 8 बजे तक फाटक के पास आरक्षी बल (ट्राफिक पुलिस) की तैनाती की मांग की है, ताकि राहगीरों को जाम से निजात दिलाई जा सके. सलगाझरी रेलवे फाटक से जेम्को की ओर जाने वाली सड़क लगभग 500 मीटर रोड की मरम्मत भी कराने की मांग की है ताकि कोई दुर्घटना ग्रस्त नहीं हो.



