जमशेदपुर : इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आइसीएआइ) ने बुधवार 5 जुलाई को चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (सीए) फाइनल और इंटरमीडिएट मई 2023 परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिये. इनमें 68 परीक्षार्थियों ने सीए व 73 ने इंटरमीडिएच परीक्षा उत्तीर्ण की. जमशेदपुर की स्वास्तिका चेतानी सीए की सिटी टॉपर, जबकि काली अग्रवाल इंटर की सिटी टॉपर रही हैं. बता दें कि सीए अंतिम परीक्षा में जमशेदपुर शाखा से कुल 240 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से 68 उत्तीर्ण घोषित हुए हैं. स्वास्तिका चेतानी सिटी टॉपर बनी हैं. कई छात्र पहले या दूसरे समूह (सीए फाइनल) के लिए भी उपस्थित हुए, जिनमें से कुल 39 छात्र उत्तीर्ण घोषित हुए हैं.(नीचे भी पढ़ें)
वहीं जमशेदपुर शाखा से सीए इंटर की परीक्षा में कुल 359 अभ्यर्थियों ने शिरकत की थी, जिनमें से 73 ने उत्तीर्णता हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया. प्रथम समूह और द्वितीय समूह के लिए कई छात्र शामिल हुए, जिनमें से कुल 52 छात्र उत्तीर्ण हुए हैं. परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्रों में तनिष्क अग्रवाल, तनुमय गोराई, सौरव कुमार, आदित्य कुमार सिंह, निश्चल गिरी, राहुल सकूजा, डिंकी मित्तल, केशव शर्मा, शोभा खंडेलवाल आदि शामिल हैं.(नीचे भी पढ़ें)
यह जानकारी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आइसीएआइ) की जमशेदपुर शाखा की चेयर पर्सन सीए अंकिता अग्रवाल ने दी. उन्होंने उत्तीर्ण छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने बताया कि इस साल, देशभर में सीए फाइनल परीक्षा में ग्रुप 1 परीक्षा के लिए कुल 57067 उम्मीदवार और ग्रुप 2 के लिए 61844 उम्मीदवार उपस्थित हुए. हालाँकि, 6795 उम्मीदवारों ने ग्रुप 1 परीक्षा (11.91 प्रतिशत) पास की, और 19438 ने ग्रुप 2 परीक्षा (31.43 प्रतिशत) ने पास की है. अंतिम सीए परीक्षा के दोनों समूहों में कुल 8.33 प्रतिशत उम्मीदवार उत्तीर्ण हुए हैं. कुल 25841 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 2152 उत्तीर्ण हुए हैं. देश भर में कुल 13430 उम्मीदवार चार्टर्ड अकाउंटेंट के रूप में उत्तीर्ण हुए हैं.(नीचे भी पढ़ें)
बुधवार को घोषित सीए इंटरमीडिएट के नतीजे में ग्रुप ए में कुल 1,00,781 छात्र उपस्थित हुए, जिनमें से 19,103 को उत्तीर्ण घोषित किया गया है, जबकि ग्रुप बी की परीक्षा में 81,956 छात्र उपस्थित हुए, जिनमें से 19,208 ने परीक्षा उत्तीर्ण की. दोनों समूहों का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 10.24 प्रतिशत है. जैन अक्षय रमेश ने आज घोषित सीए फाइनल परिणाम में अखिल भारतीय रैंक 1 हासिल किया है. फाइनल रिजल्ट में उन्हें 800 में से 616 अंक मिले.



