जमशेदपुर : झारखंड गैर सरकारी विद्यालय संघ ने मुख्यमंत्री, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के प्रधान सचिव एवं झारखंड अधिविद्य परिषद् के अध्यक्ष से राज्य के 9वीं एवं 11वीं के पंजीयन से वंचित रह गए विद्यार्थियों के लिए विशेष परीक्षा आयोजित कराने की मांग की है. ज्ञात हो कि आठवीं कक्षा की परीक्षा एवं परीक्षा परिणाम जारी किए जाने की प्रक्रिया समाप्त होने से पूर्व ही नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए पंजीयन की तिथि समाप्त हो गयी थी, जिसके कारण राज्य में हजारों विद्यार्थी अपना पंजीयन कराने से वंचित रह गये हैं. इसके कारण ये विद्यार्थी जैक द्वारा आयोजित नौवीं एवं 11वीं में पंजीयन के लिए आयोजित परीक्षा से वंचित रह जाने से उनका दो वर्ष का समय बरबाद हो जायेगा.
बता दें कि पंजीयन से वंचित विद्यार्थी विगत 8 महीनों से विभिन्न पदाधिकारियों, विधायकों
एवं मंत्रियों से गुहार लगाते रहे हैं. झारखंड गैर सरकारी विद्यालय संघ ने भी जैक को पत्र पत्र लिख कर वंचित छात्रों का पंजीयन कराने एवं विशेष परीक्षा लिये जाने का आग्रह किया, किन्तु जैक ने अब तक इस पर कोई निर्णय नहीं लिया है. इसके मद्देनजर झारखंड गैर सरकारी विद्यालय संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने जैक अध्यक्ष को एक ज्ञापन सौंपते हुए उनसे किन्हीं कारणों से पंजीयन से वंचित रह गये विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए उनका पंजीयन कराने की मांग की है, ताकि बच्चों का भविष्य बर्बाद होने से बच सके. ज्ञात हो कि 9वीं और 11वीं कक्षा की परीक्षाएं पूर्व में विद्यालय स्तर पर ली जाती थीं, जिसे अब परिषद द्वारा लिया जाने लगा है. प्रतिनिधि मंडल में मुख्य रूप से झारखंड गैर सरकारी विद्यालय संघ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद ताहिर हुसैन, कोल्हान अध्यक्ष डॉक्टर अफरोज शकील, शाहिद अख्तर, मोहम्मद हफीज एवं अन्य पदाधिकारी गण शामिल थे.



