
जमशेदपुर : झारखंड इंटक के प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने के बाद मजदूर नेता राकेश्वर पांडेय ने सबको साथ लेकर चलने की इच्छा जतायी है. उनके जमशेदपुर स्थित आवास पर बधाई देने वालों का लगातार तांता लगा हुआ है. विभिन्न कंपनियों के मजदूरों के नेता और कार्यकर्ता लगे हुए थे. इस दौरान राकेश्वर पांडेय का फूल मालाओं के साथ लोगों ने स्वागत किया.
श्री पांडेय ने यहां मीडिया से बातचीत की और कहा कि मजदूरों की समस्याओं का निराकरण करने के लिए हम लोग तैयार है और निश्चित तौर पर अभी काफी चुनौतियां है. उन सारी चुनौतियों को दूर करते हुए मजदूरों की समस्याओं का निराकरण किया जायेगा. उन्होंने विरोध की बात से साफ तौर पर इनकार कर दिया. वैसे राकेश्वर पांडेय का समर्थन करते हुए उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने पर विधायक सरयू राय खुद उनके आवास पर पहुंचे.
राकेश्वर पांडेय ने वहां पहुंचकर अपना समर्थन दिया और उनको बधाई भी दी. दूसरी ओर, राकेश्वर पांडेय को अध्यक्ष बनाये जाने का भी विरोध शुरू हो चुका है. राकेश्वर पांडेय के अध्यक्ष बनने का पहले ही दिन विरोध हुआ था तो पूर्व इंटक प्रदेश अध्यक्ष स्वर्गीय राजेंद्र सिंह के पुत्र जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह ने भी अपना विरोध जताया है और कहा है कि गलत तरीके से उनको प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा की गयी है.
इसका हर स्तर पर विरोध हो रहा है. इसको लेकर वे अपने अभिभावक इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ जी संजीवा रेड्डी से मिलकर बात करेंगे ताकि सबके साथ न्याय हो सके. फिलहाल, राष्ट्रीय इंटक की ओर से इस पत्र का कोई खंडन भी नहीं कियाा गया है. गौरतलब है कि इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉॉ जी संजीवा रेड्डी के सचिव की ओर से आदेश जारी कर कहा है कि प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर राकेश्वर पांडेय को मनोनित कर दिया गया है. उसके साथ ही एक औपबंधिक कमेटी की भी घोषणा की गयी है.






