गालूडीह : यहां दारिसाई कृषि केंद्र परिसर में किसानों ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राजस्थान के सीकर से लाइव प्रसारण के माध्यम से सुना. इस दौरान पीएम मोदी ने पूरे देश के लाभार्थियों से बात की. साथ ही पीएम मोदी ने करोड़ों किसानों के खाते में पीएम किसान सम्मान निधि का पैसा ट्रांसफर किया.(नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिला परिषद् अध्यक्ष बारी मुर्मू मुख्य अतिथि रहीं. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई. कृषि विज्ञान केंद्र के वरिया प्रधान डॉ आरती बीना एक्का ने बिरसा मुंडा मोमेंटो देकर बारी मुर्मू का स्वागत किया. बारी मुर्मू ने किसानों से कहा कि सरकार किसानों को सालाना 6 हजार रुपये की आर्थिक मदद देती है. ये राशि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत डीबीटी माध्यम से उनके खाते में ट्रांसफर की जाती है. किसानों के खाते में हर चार महीने के अंतराल में तीन किस्तों में दो-दो हजार रुपये भेजे जाते हैं. आज इस योजना की 14वीं किस्तें जारी हो चुकी हैं. किसान इस पैसे को सिर्फ खेती के लिए ही खर्च करें.(नीचे भी पढ़ें)

खेती किसानों को आगे बढ़ा रही हैं, वहीं, उन्होंने देश में उन्नत कृषि व समृद्ध किसान का नारा बुलंद करते हुए कहा कि आने वाला कल किसानों का है, किसानों के बल पर ही भारत को आगे बढ़ना है. हमें कभी भी अपने आप को कमजोर नहीं समझना चाहिए. साथ ही उन्होंने कहा कि रसोई गैस के बढ़ते दामों से राहत पाने के लिए बायो गैस प्लांट आसान विकल्प है. इससे आपको सस्ती ही नहीं बल्कि मुफ्त की गैस मिल सकती है. इसके लिए गोबर की भी जरूरत नहीं पड़ेगी. बस आपके किचन का कचरा ही इसके लिए पर्याप्त होगा. इस प्लांट में किचन वेस्ट के उपयोग से रोजाना निकलने वाली गैस से आप घर का भोजन पका सकते हैं. इसके लिए बहुत जल्द योजना भी शुरू की जाएगी, जिसका लाभ ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा. कार्यक्रम के अंत में अतिथि के हाथों से उपस्थित किसानों के बीच कृषि यंत्र और काजू के पौधों का वितरण किया गया.




