सरायकेला : सरायकेला समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में नव पदस्थापित उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने आज निवर्तमान उपायुक्त अरवा राजकमल से पदभार ग्रहण कर लिया. प्रभार ग्रहण के पश्चात निवर्तमान उपायुक्त अरवा राजकमल एवं नव पदस्थापित उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने राजनगर प्रखंड के गांव चादरी निवासी रंजीत महतो की पुत्री किरण महतो (सात वर्ष) से उसके गांव जाकर मुलाक़ात की.(नीचे भी पढ़ें)
याद रहे कि किरण महतो हाइड्रो पेनेमोथराक्स एवं एमपीएमा नामक बीमारी से ग्रसित थी, जिसकी जानकारी मिलते ही उपायुक्त की पहल पर उसका टाटा मेन हॉस्पिटल, जमशेदपुर एवं रिम्स रांची में लगभग एक महीने से अधिक इलाज चला. किरण इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौट आई है. निवर्तमान उपायुक्त अरवा राजकमल ने किरण महतो एवं उनके पिता से बात करते हुए उसके स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली एवं उन्हें किरण के स्वास्थ्य एवं शिक्षा के लिए आगे भी आवश्यकतानुसार सहयोग करने का आश्वासन दिया. इस दौरान निवर्तमान उपायुक्त अरवा राजकमल एवं नव पदस्थापित उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने किरण महतो को उपहार स्वरूप कपड़े, टेड़ी बीयर, पाठ्य सामग्रियां, चॉकलेट आदि प्रदान कर उसे स्वस्थ जीवन एवं आगे की शिक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं. इस दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी जितेंद्र कुमार सिन्हा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह, परियोजना पदाधिकारी संतोना जेना, किरण महतो के पिता एवं मामा समेत अन्य लोग उपस्थित थे.



